चित्तौड़गढ़। दुर्गाष्टमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी के तत्वावधान में शहर के गणगौर गार्डन में धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा के बाद शक्ति संचलन निकाला गया, जिसमें नवदुर्गा, भारत माता और महिषासुर मर्दिनी की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शक्ति संचलन का विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं छात्र संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वज प्रणाम, प्रार्थना, शस्त्र पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ निर्धारित आचार पद्धति के अनुसार हुआ। मंच पर दुर्गावाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका एवं विहिप की केंद्रीय सहमंत्री प्रज्ञा महाला, राजस्थान क्षेत्रीय संयोजिका लता पांड्या, जिला उपाध्यक्ष मंजुलता शर्मा, मातृशक्ति जिला संयोजिका शिवानी साहू और नगर उपाध्यक्ष राधा काबरा उपस्थित रहीं।
लता पांड्या ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए बताया कि मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की स्थापना वर्ष 1991 में शारदीय नवरात्रि की दुर्गाष्टमी पर हुई थी। इसकी प्रथम संस्थापक संयोजिका साध्वी ऋतंभरा थीं। उन्होंने कहा कि दुर्गावाहिनी सेवा, सुरक्षा और संस्कार के ध्येय वाक्य के साथ कार्य करती है। संगठन में बहनों को शास्त्रों के ज्ञान के साथ शस्त्र संचालन और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
मुख्य वक्ता प्रज्ञा महाला ने अपने संबोधन में शिक्षा पद्धति, संस्कार, धार्मिक आस्था और सोशल मीडिया के उपयोग जैसे विषयों पर विचार रखे। उन्होंने बहनों से आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे जैसे प्रशिक्षण अपनाने और दुर्गावाहिनी के प्रशिक्षण वर्गों में भाग लेने का आह्वान किया।
धर्मसभा के बाद शक्ति संचलन गणगौर गार्डन से प्रारंभ हुआ। यह महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, ईनाणी सिटी सेंटर, राणा सांगा बाजार, सुभाष चौक, गोल प्याऊ, गांधी चौक और मिठाई गली सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पाडनपोल स्थित सुखवालों के नोहरा पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
कार्यक्रम में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री नितिन भारत, प्रांत सहमंत्री किशन गुर्जर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक हरिशंकर, जिला प्रचारक मयंक, विहिप प्रांत विमर्श टोली की लक्ष्मी जोशी, प्रांत प्रचार प्रमुख अनिल चतुर्वेदी, धर्म प्रसार प्रमुख मुकेश नाहटा, जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया, जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन नगर संयोजिका अंजलि सेन ने किया। आचार पद्धति का दायित्व जिला सह संयोजिका पूर्वा साहू ने निभाया, जबकि मंच परिचय जिला शक्ति साधना केंद्र प्रमुख आरुषि पांड्या ने करवाया। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। अंत में मातृशक्ति जिला संयोजिका शिवानी साहू ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।