महू। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 24 नवंबर को गंभीर नदी के तट पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नदी समिति और स्थानीय भक्तों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए गंभीर नदी की साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
आयोजक जयेश यादव ने बताया कि यह धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन संत-महात्माओं के सानिध्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर श्री रामकृपालदास जी महाराज, कथा वाचक श्री विपुल कृष्ण जी महाराज और पंडित विश्वजीत जी का पावन सानिध्य प्राप्त होगा।
आयोजन समिति के अनुसार मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पंडित विश्वजीत जी द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली विशेष तांडव आरती रहेगी, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महाआरती में शामिल होने की अपील की है। साथ ही नदी की स्वच्छता बनाए रखने के अभियान में भी सहभागिता करने का आह्वान किया है।