मध्य प्रदेश महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का गुरुवार को भोपाल में भव्य आगाज हुआ। बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में टूर्नामेंट की आधिकारिक शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की।
इस अवसर पर शानदार आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा और स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भर गया। अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के इस बड़े आयोजन को लेकर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मैदान पर भी पहले दिन रोमांचक मुकाबले हुए। चीन ने थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी, जबकि जापान ने आखिरी मिनट में गोल दागकर दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया। अब दिन के आखिरी मुकाबले में मेजबान भारतीय टीम का सामना मलेशिया से हो रहा है। पहले क्वार्टर तक भारत-मलेशिया की टीम कोई गोल नहीं दाग सकी थी। इसके बाद पहले हाफ में मलेशिया ने एक गोल दागकर स्कोर 1-0 कर लिया। इसके ठीक बाद भारत ने एक गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराकर कर दिया। मैच के दूसरी हाफ से ठीक 10 मिनट पहले भारत ने एक और गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। मैच के आखिरी समय में भारत की ओर से तीसरा गोल हुआ और स्कोर 3-1 हो गया। इस तरह मैच में भारतीय टीम 3-1 से आगे हुई।
मैच की खास बात यह रही कि मलेशिया की महिला खिलाड़ी हिजाब के साथ मैदान पर उतरी हैं। पहला मैच: चीन के आगे बेबस दिखा थाईलैंड
दिन के पहले मुकाबले में चीन की टीम ने शुरुआत से ही थाईलैंड पर दबाव बनाए रखा। हालांकि पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और स्कोर 0-0 रहा, लेकिन दूसरे क्वार्टर में चीन ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए दो गोल दाग दिए।
मैच के 27वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने फील्ड गोल कर चीन का खाता खोला। इसके ठीक एक मिनट बाद डेंग क्यूचान ने दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हाफ टाइम तक चीन इसी बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में पहुंच गया था।
तीसरे क्वार्टर में चीन ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। 32वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल किया। इसके अगले ही मिनट कप्तान वेई किक्सियाओ ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। 38वें मिनट में चेन युजुन ने फील्ड गोल किया, जबकि 42वें मिनट में डेंग क्यूचान ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 6-0 कर दिया।
अंतिम क्वार्टर में भी चीन का आक्रमण जारी रहा। 59वें मिनट के करीब झांग हेयांग ने पेनल्टी कॉर्नर पर सातवां गोल दागकर टीम की 7-0 से जीत पक्की कर दी।
चीन की ओर से डेंग क्यूचान और फेंग किंगमियाओ ने दो-दो गोल किए, जबकि वेई किक्सियाओ, चेन युजुन और झांग हेयांग ने एक-एक गोल का योगदान दिया। चीन ने मुकाबले में कुल 10 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और तीन को गोल में बदला। दूसरी ओर थाईलैंड की टीम पूरे 60 मिनट में एक भी गोल नहीं कर सकी।