नीमच। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत शुक्रवार को शहर में कानून एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बाइक रैली निकाली गई। नवीन जिला न्यायालय परिसर से सुबह 10 बजे शुरू हुई इस रैली में युवा, आमजन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बाइक एवं स्कूटी के साथ शामिल हुए।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रैली का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना रहा। रैली के माध्यम से शहरवासियों को संदेश दिया गया कि प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है।
आयोजकों ने रैली में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों से हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर रैली में भाग लिया और शहरवासियों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों की जानकारी रखने का संदेश दिया।
न्यायोत्सव सप्ताह के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य विधिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना और समाज के जरूरतमंद वर्गों को न्याय एवं कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है।