नीमच। नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है। यह व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर करने के साथ ही परिवारों के जीवन को भी प्रभावित करता है। नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने और युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से 21 नवंबर को नीमच में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दावत-ए-इस्लामी नीमच (Dawat-e-Islami India) के सदस्य शहजाद पठान एवं जीएनआरएफ (गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन) के जिम्मेदार शादाब खान और शिजान पठान ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि 21 नवंबर को रात 8 बजे से 10 बजे तक जामा मस्जिद के बाहर दो घंटे का विशेष कार्यक्रम रखा गया है।
कार्यक्रम में नशे के कारण होने वाले मानसिक, शारीरिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि सुरक्षित और स्वस्थ जीवन के लिए नशे से दूरी बनाना बेहद जरूरी है।
आयोजकों ने नीमच शहर के युवाओं से अपील की है कि वे इस जागरूकता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प लें।