नीमच। भोपाल में आयोजित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में नीमच हॉकी फीडर सेंटर के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों का रोमांच करीब से देखने का विशेष अवसर मिला है। इसके तहत सेंटर के खिलाड़ी 19 से 22 नवंबर तक भोपाल प्रवास पर रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मुकाबलों का प्रत्यक्ष आनंद लेंगे।
इस अवसर पर जिला हॉकी संघ, नीमच द्वारा हॉकी ग्राउंड पर खिलाड़ियों के लिए परिचय एवं शुभकामना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी संतोष चोपड़ा, संघ अध्यक्ष राजेश जैन, उपाध्यक्ष उमा भटनागर एवं अक्षय पुरोहित, सचिव इम्तियाज खान, किशोर जवेरिया, किशोर दीवान सहित खिलाड़ियों के अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
हॉकी फीडर सेंटर के प्रशिक्षक परवेज खान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक आमना एवं शैरिन द्वारा खिलाड़ियों को नियमित रूप से हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला हॉकी संघ, नीमच ने खिलाड़ियों को यह अवसर उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश शासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग का हृदय से आभार व्यक्त किया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों को प्रत्यक्ष देखने से खिलाड़ियों को खेल की नई तकनीक, रणनीति, कौशल और अनुशासन को समझने का अवसर मिलेगा। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। यह अनुभव निश्चित रूप से नीमच के उभरते हॉकी खिलाड़ियों के खेल जीवन को नई दिशा प्रदान करेगा।