चित्तौड़गढ़। दुर्ग मार्ग स्थित श्री श्री 1008 कल्लाजी राठौड़ मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुलदेवी मां नागणेचा के अर्चक डॉ. वीरेंद्र दुर्गादती गुरुदेव के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
कार्यक्रम के अंतर्गत पंडित सुनील पाठक सहित 11 पंडितों द्वारा विधि-विधान के साथ नौचंडी हवन किया गया तथा पूर्णाहुति दी गई। इसके पश्चात भगवान श्री कल्लाजी राठौड़ का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर के पुजारी सत्यनारायण बैरागी ने भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया। संध्याकाल में विधिवत महाआरती संपन्न हुई।
अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर मां जगदंबा एवं श्री कल्लाजी राठौड़ को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट का महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में कल्याण परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूरी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।