मंदसौर। किसी ने पति को खोने के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाली, तो किसी ने पति के छोड़ने के बाद अकेले ही बच्चों का भविष्य संवारा। किसी ने ट्रकों के टायरों के पंचर बनाकर परिवार का पालन-पोषण किया, तो किसी ने फूल बेचकर अपनों का सहारा बनने का हौसला दिखाया। संघर्ष, आत्मनिर्भरता और अदम्य साहस की ऐसी ही पांच मिसालों को गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान उनके साहस, नेतृत्व, त्याग और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए अपनी पहचान बनाने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया।
पति को खोया, फिर भी बेटे को देशसेवा के लिए किया प्रेरित-
सम्मानित महिलाओं में शाईस्ता अंसारी भी शामिल रहीं। उन्होंने बीमारी के कारण सीआरपीएफ में कार्यरत अपने पति को खो दिया था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने बेटे अमजद अली को देशसेवा के लिए प्रेरित किया। उनका बेटा भी सीआरपीएफ में शामिल हुआ, लेकिन करीब 17 वर्ष पूर्व दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में वह शहीद हो गया। हमले के दौरान नक्सलियों ने वाहन को डायनामाइट से उड़ा दिया था। कार्यक्रम में शाईस्ता अंसारी के साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनका सम्मान किया गया।
ट्रकों के पंचर बनाकर बच्चों को बनाया काबिल-
मैना सोलंकी ने पति की मृत्यु के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई। उन्होंने निपानिया में ट्रकों के टायरों के पंचर बनाने का काम शुरू किया और इसी मेहनत की कमाई से अपने बच्चों का पालन-पोषण एवं शिक्षा पूरी करवाई। बच्चों के बड़े होने के बाद भी वे आज तक अपना काम कर रही हैं और आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी हुई हैं।
पति ने छोड़ा तो खुद मेहनत कर संवारा बच्चों का भविष्य-
अन्नो बी को उनके पति ने छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने हार मानने के बजाय मेहनत और हौसले से अपने बच्चों की परवरिश की तथा उन्हें आगे बढ़ाया। आज उनके बच्चे मंदसौर में लैंटर निर्माण का कारोबार कर रहे हैं और अपनी मेहनत से पहचान बना चुके हैं।
अकेले संघर्ष कर दोनों बच्चों को बनाया इंजीनियर-
प्रभा जैन ने भी जीवन की कठिन परिस्थितियों में अकेले संघर्ष करते हुए अपने दोनों बच्चों का भविष्य संवारा। उन्होंने मेहनत और लगन से दोनों बच्चों को इंजीनियर बनाया। वर्तमान में उनके दोनों बच्चे अहमदाबाद और पुणे में कार्यरत हैं तथा अच्छे पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
फूल बेचकर बनी परिवार का सहारा-
सुनीता माली के पति का निधन हो चुका है। पति के जाने के बाद उन्होंने फूल बेचने का काम शुरू किया और अपनी मेहनत से परिवार की जिम्मेदारी संभाली। आज वे अपने माता-पिता और बच्चों का सहारा बनी हुई हैं। उनके संघर्ष और आत्मनिर्भरता को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद-
इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी सत्रावाला, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष निर्विकार रातड़िया, मंडलम अध्यक्ष शुभम कुमावत, विश्वनाथ सोनी, रमेश ब्रिजवानी, अजय सोनी, महेश गुप्ता, कैलाश मनवानी, अमीन खान, लक्ष्मण मेघनानी, सुनील गुप्ता, सलीम खान, आसिफ छीपा, सुनीता बंडी, नेहा जैन, मधु कड़ावत, राजेंद्र सेठिया, साबिर इलेक्ट्रिशियन, योगेंद्र गौड़, अंबालाल हिंगोरिया, माजिद चौधरी, शुभम जैन, अखिलेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।