नीमच। जेएसजी उड़ान 407 नीमच के दंपत्ति सदस्यों द्वारा नववर्षाभिनंदन एवं दीपावली मिलन समारोह हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह नववर्ष, दीपावली, तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव तथा गौतम गणधर के केवलज्ञान प्राप्ति के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नवकार महामंत्र के जाप के साथ हुआ। इसके बाद हिरामणि गांग ने मनोरंजक एवं एकाग्रता पर आधारित कपल गेम आयोजित करवाया। प्रतियोगिता में निर्मल कुमार गांग एवं हिरामणि गांग ने प्रथम, घनश्याम बाफना एवं आशा सांभर ने द्वितीय तथा मुकेश आंचलिया एवं अनीता आंचलिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता दंपत्तियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात ग्रुप के सभी सदस्यों ने सामूहिक अंताक्षरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों से समारोह का माहौल खुशनुमा हो गया। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक-दूसरे को नववर्ष और दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा सभी के जीवन में सुख, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
समारोह में दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली जीव हिंसा, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण और अन्य प्राणियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण और जीवों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।
हंसी-मजाक, मनोरंजक खेलों, अंताक्षरी और सामूहिक सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया। अंत में ग्रुप सचिव ने सभी सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सूर्यास्त से पूर्व जैन परंपरा के अनुरूप तैयार किए गए स्वादिष्ट भोजन के साथ हुआ।