पिपलिया मंडी। आंवला नवमी के पावन पर्व पर अग्रवाल मोहल्ले में महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की 108 परिक्रमा की तथा भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक धार्मिक गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सरला शर्मा ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी अथवा अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। अक्षय का अर्थ है, जिसका कभी क्षय न हो। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन किए गए पूजा-पाठ, दान-पुण्य और सत्कर्मों का फल अक्षय होता है। इसी कारण हिंदू धर्म में इस तिथि का विशेष महत्व माना गया है।
आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। महिलाएं वृक्ष के नीचे बैठकर पूजा-अर्चना करती हैं और वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की मंगलकामना करती हैं। साथ ही आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने की परंपरा भी निभाई जाती है। इस दिन शुभ कार्यों के लिए मुहूर्त देखने की आवश्यकता नहीं मानी जाती।
महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजन कर धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया। सामूहिक पूजा, 108 परिक्रमा और भजन-गीतों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति आस्था का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।