चित्तौड़गढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निम्बाहेड़ा सेवा केंद्र पर नागदा आदित्य ग्रासिम ग्रुप के यूनिट हेड मनीष गर्ग द्वारा लिखित पुस्तक ‘आधार, विश्वास एवं दृढ़ता’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में बीके शिवली दीदी, मनीष गर्ग, मृदुला गर्ग सहित ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया।
इस अवसर पर मनीष गर्ग ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक किताब नहीं, बल्कि उनके जीवन के संघर्षों, अनुभवों और उपलब्धियों का संपूर्ण अध्याय है। इसमें उन्होंने अपने जीवन में आई विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए सफलता हासिल करने के अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार का सहयोग, अपनों की दुआएं और परमात्मा की कृपा उनके जीवन की सफलता का प्रमुख आधार रहे हैं।
मनीष गर्ग ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत कहानी नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में किसी न किसी रूप में चुनौतियां आती हैं। इस पुस्तक के माध्यम से वे लोगों को सकारात्मक सोच अपनाने और विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने का संदेश देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति अपनी सोच और मनोस्थिति को मजबूत बनाए रखे, तो वह हर परिस्थिति पर विजय प्राप्त कर सफलता हासिल कर सकता है। वहीं, यदि व्यक्ति केवल समस्याओं और नकारात्मक बातों में उलझा रहेगा, तो जीवन में आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा।
कार्यक्रम में बीके शिवली दीदी ने मनीष गर्ग एवं मृदुला गर्ग का पुष्पों से स्वागत किया। उन्होंने मनीष गर्ग के जीवन सफर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बाल्यकाल से ही अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित किया और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा युवाओं को जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।