नीमच। शहर की हुडको कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण विद्युत पोल पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पोल पर लगे छोटे होर्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पोल से गुजर रही विद्युत केबलें भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आग की लपटें व धुआं देखकर आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर नगरपालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग की लपटें देख घरों से बाहर निकले लोग-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्युत पोल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते वहां लगे होर्डिंग को आग ने घेर लिया। इसके बाद आग पोल पर लगी विद्युत केबलों तक पहुंच गई। घटना को देखते हुए आसपास के लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से पोल से दूरी बना ली। स्थानीय रहवासियों ने तत्काल नगरपालिका की फायर ब्रिगेड और बिजली कंपनी को सूचना दी। दमकल वाहन के पहुंचने से पहले लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
बिजली सप्लाई बंद कर केबलों की जांच की-
घटना की जानकारी मिलते ही एमपीईबी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद कर्मचारियों ने आग से क्षतिग्रस्त हुई विद्युत केबलों की जांच और मरम्मत का कार्य शुरू किया। देर रात तक केबलों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी गई।
समय रहते फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।