चित्तौड़गढ़। उपनगरीय क्षेत्र मधुवन विस्तार स्थित शंकरपुरम के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बुधवार को भगवान महादेव के 56 भोग एवं अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में आसपास की कॉलोनियों के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। बुधवार दोपहर से ही भगवान श्री सिद्धेश्वर महादेव का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया। वहीं महिलाओं ने मंदिर परिसर में सुंदर रंगोली सजाकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
सायंकाल भगवान महादेव की भव्य आरती की गई, जिसमें आसपास की विभिन्न कॉलोनियों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। आरती के पश्चात भगवान को विधि-विधान से 56 भोग अर्पित किए गए तथा अन्नकूट महाभोग लगाया गया। इसके बाद उपस्थित भक्तों ने श्रद्धा के साथ अन्नकूट महोत्सव का प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन में क्षेत्र के सभी कॉलोनीवासियों का विशेष सहयोग रहा। मंदिर समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग, प्रेरणा और भगवान श्री सिद्धेश्वर महादेव की कृपा से प्रतिवर्ष इस तरह के धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। अंत में मंदिर समिति ने महोत्सव में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।