नीमच । जिले के प्रसिद्ध आरोग्य धाम भादवामाता में स्वीकृत मास्टर प्लान के अंतर्गत स्वीकृत हुए कार्यों का जायजा लेने सोमवार को विधायक दिलीप सिंह परिहार माँ भादवा के दरबार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मालवा की वैष्णो देवी महामाया भादवामाता के दर्शन किए जिसके बाद क्षेत्र मे चल रहे विकास कार्यो का जायजा लिया।
बता दें कि यहां पुरानी धर्मशालाओं को मास्टर प्लान के तहत हटाने का काम किया जा रहा है। जिसके बाद आगामी 30 नवंबर को यहां 26 करोड़ की लागत से शुरू होने वाले प्रथम फेस का भूमिपूजन किया जाएगा। गौरतलब है कि भादवामाता मंदिर के मास्टर प्लान से जुड़ी बाधाएं दूर करने के लिए प्रशासन और विभिन्न समाजों के प्रमुख, पदाधिकारियों और समाज सेवी संस्थाओ के साथ लगातार बैठक का दौर जारी था। वहीं अब यहां समाजों की धर्मशालाओं को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
बता दे कि 4 समाजों की धर्मशाला पहले ही हट चुकीं थी वहीं अब बची 11 में 7 को हटाया जा रहा है। देखा जाए तो भादवामाता के मास्टर प्लान को अब गति मिलना शुरू हो गया है और जल्द ही महामाया माँ भादवा का भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा।