नीमच। मालवा की वैष्णोदेवी के नाम से प्रसिद्ध महामाया भादवामाता का भव्य मंदिर बनेगा। बुधवार को मास्टर प्लॉन के तहत प्रथम चरण के अंतर्गत होने वाले 26 करोड के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन होगा। आगामी दो वर्ष में मंदिर परिसर, शिखर, हवनकुंड, शिवमंदिर, बगीचा और स्वागतद्वार सहित अन्य निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे। बुधवार को सुबह 10.15 बजे भूमिपूजन कार्यक्रम रखा गया है। पंडित विक्रम शर्मा(शास्त्री) विधि विधान से भव्य मंदिर निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीपसिंह परिहार, कलेक्टर डॉ. मयंक अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक सूरजकुमार वर्मा, समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, समाजसेवी संगठन, सभी धर्मधालाओं के अध्यक्ष सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
धर्मशालाओं को दूसरी जगह दी-
मंदिर कमेटी द्वारा मंदिर के नजदीक संचालित हो रही धर्मशालाओं को हटा दिया गया है। उन्हें तोडकर जमींदोज कर समतल कर दिया गया है। सभी धर्मशालाओं को अन्य जगह रैन बसेरा के पास जगह दी गई है। नए मास्टर प्लॉन के तहत मंदिर के आसकृपास का क्षेत्र पूरी तरह खुला रहेगा। मंदिर परिसर मेें किसी भी प्रकार की व्यवसायिक दुकानें संचालित नहीं होंगी।
-
मास्टर प्लॉन के प्रथम चरण में ये होंगे निर्माण-
मास्टर प्लॉन के प्रथम चरण में 26 करोड के निर्माण होंगे। पूरा मंदिर परिसर का स्वरूप बदलेगा वहीं दूसरी और भक्तों को कई तरह की सुविधाएं मिलेगी। ठहरने से लेकर पानी की समुचित व्यवस्था रहेगी। गृभग्रह, सभा मंडप, बावडी रूप स्लेब, शिव मंदिर शिखर, मुख्य माता मंदिर शिखर, स्टोन जाली मंदिर आउटर, लाइटिंग कंपाउड वाल, इंट्रेस गेट, गार्डन, प्लांटेशन, यज्ञ शाला, आउटडोर गार्डन बेंचेस, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, डिंकिंग वाटर कियोस्क, व्हीलचेयर, कंट्रोल रूम, हाई मास्क लाइटिंग, एलईडी वीडियो वॉल सहित 68 निर्माण कार्य होंगे।