शाजापुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 21 दिसम्बर 2022 को शाजापुर जिले के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम के आयोजन के स्थल चयन के लिए कलेक्टर दिनेश जैन एवं पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने आज बापू की कुटिया स्थित मैदान का निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम आयोजन के लिए संबंधित भू-स्वामी से अनुमति प्राप्त कर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि उज्जैन संभाग के सभी जिलों के लिए शाजापुर में 21 दिसम्बर 2022 को मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत हितलाभ वितरण समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। समारोह में संभाग के हितग्राहियों की उपस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन की तैयारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ मंजूषा विक्रांत राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, अनुविभागीय अधिकारी नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण रविन्द्र कुमार वर्मा व पीआईयू कोमल चन्द्र भूतड़ा, तहसीलदार सुनील जायसवाल, सीएमओ राकेश चौहान, टीआई अवधेश शेषा व ट्रेफिक टीआई केके चौबे भी उपस्थित थे।