शाजापुर। 01 दिसम्बर प्रति वर्ष विश्व एड्स दिवस के रूप में मनाया जाता है, इसके अंतर्गत जिला एड्स नियंत्रण समिति शाजापुर द्वारा राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है, जिससे की जनसमुदाय में जनजागृति आये व एचआईव्ही/एड्स जैसी महामारी से बचा जा सके। वर्तमान में एड्स की बीमारी का पूर्ण ईलाज उपलब्ध नहीं है और ना ही कोई टीका उपलब्ध है, जिससे कि इस बीमारी से बचा जा सके, केवल सही ज्ञान होने से ही बीमारी से बचा जा सकता है। इस कारण बीमारी से लड़ने में समाज के सभी वर्गो की जनभागीदारी अनिवार्य है।
जिला एड्स नियंत्रण समिति नोडल अधिकारी डॉ केपी सिंह ने बताया कि 01 दिसंबर 2022 विश्व एड्स दिवस पर जिला जेल में बंद बंदियों के लिए जागरूकता एवं एचआईव्ही जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही 01 से 15 दिसम्बर को जिला एड्स नियंत्रण समिति द्वारा सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर निदारिया ने बताया कि एचआईव्ही एड्स की जांच एवं निःशुल्क परामर्श दिया जाता है। साथ ही एआरटी की दवाईयाँ भी प्रदान की जाती है। जिले में वर्ष 2004 से एचआईव्ही परामर्श एवं जांच केन्द्र की सुविधा प्रारंभ हुई है तथा अक्टूबर 2009 से एआरटी दवाईयाँ भी प्रदान की जा रही है।