नीमच। अपर कलेक्टर नेहा मीना ने गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर नीमच से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप संचालक कृषि दिनेश मंडलोई, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि जितेन्द्र सिह तंवर एवं कृषि तथा बीमा कंपनी का स्टॉफ भी उपस्थित था।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का यह प्रचार रथ जिले के सभी विकासखण्डों के सहकारी समिति स्तर तक पहुंचेगा। रबी 2022-23 के लिये फसल बीमा की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2022 है।
उप संचालक कृषि दिनेश मंडलोई ने बताया, कि नीमच जिले में गेहूं, चना, सरसों के फसल बीमा हेतु पटवारी हल्के अधिसूचित है। जिस हल्के में जो फसल अधिसूचित है, उसी का फसल बीमा किया जा सकेगा। इसके लिये क्षेत्र की सहकारी समिति निकटतम बैंक या जनसेवा केंद्र पर जाकर फसल बीमा कराया जा सकता है। जिन किसानों के पास क्रेडिट कार्ड नहीं है या ओव्हर-ड्यू है, या लेनदेन नहीं किया गया है, वे अऋणी कृषक के रूप में उपरोक्त अनुसार अपने क्षेत्र की सहकारी समिति, निकटतम बैंक या जनसेवा केंद्र पर जाकर फसल बीमा करा सकते है। इसके लिये भूमि की पावती की छायाप्रति, बैंक खाते की पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, पटवारी द्वारा जारी बुआई का प्रमाण-पत्र एवं प्रिमियम राशि की आवश्कता होगी।