नीमच। नीमच जिले के जावद विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड लागत से 40 से अधिक नये डोम का निर्माण किया जावेगा। जनपद सीईओ और ग्रामीण यांत्रिकी विभाग गांवों को चिन्हित कर डोम निर्माण के लिए सूची उपलब्ध करवाये। यह जानकारी प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने गुरूवार को जनपद सभाकक्ष नीमच में जिला अधिकारियों की बैठक में विभिन्न विकास कार्याे और निर्माण कार्याे की प्रगति की विभागवार विस्तृत समीक्षा करते हुए कही। बैठक में कलेक्टर मयंक अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, एसडीएम शिवानी गर्ग, डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना व जिला अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री सखलेचा ने कहा, कि प्रधानमंत्री जी द्वारा 2024 तक सभी आवासहीनों को प्रधानमंत्री आवास प्रदान करने का लक्ष्य तय किया गया है। अतरू क्षेत्र में कोई भी आवासहीन ना रहे। सर्वे करवाकर, आवासहीनों की सूची तैयार करवा ली जाये।
बैठक में मंत्री सखलेचा ने बताया, कि जावद क्षेत्र में 27 नये विद्युत ट्रांसफार्मर लगे है और 200 नये ट्रांसफार्मर स्वीकृत हुए है, जो आगामी 40 दिन में स्थापित हो जायेंगे। इससे ओव्हरलोड की समस्या का स्थाई समाधान हो जायेगा। उन्होने कहा, कि जावद क्षेत्र के सभी सरकारी मिडिल स्कूलों को डिजीटल बोर्ड प्रदान किये जायेंगे। साथ ही डिजीटल शिक्षा को बढावा देने के लिए हाई स्कूल एवं हायर सेकेंड्री विद्यालय के विद्यार्थियों को 2 हजार लेपटाप भी प्रदान किये जायेंगे। उन्होने कहा, कि कॉलेज के विद्यार्थियों को भी लेपटाप प्रदान करने पर विचार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को एनिमेशन की शिक्षा के लिए वी.एल.एस.आई. कोर्स भी जावद के कॉलेज में प्रारंभ किया जायेगा। इस कोर्स को करने के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होने जावद कॉलेज के प्राचार्य को निर्देश दिए, कि वे जावद व सिंगोली कॉलेज के पांच सौ बच्चों को इन्फोसिस और टीसीएस में प्लेसमेंट के लिए तैयारी करवाये। आवश्यकता होने पर उक्त कंपनियों से चर्चा कर, कॉलेज में ही विद्यार्थियों का प्लेसमेंट के लिए तैयार करवाने हेतु प्रशिक्षण दिलवाये।
मंत्री सखलेचा ने जावद क्षेत्र की सभी आंगनवाडियों को प्ले स्कूल से बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा , कि दो सप्ताह में सभी आंगनवाडी केंद्रों के भवनों पर पेंटिंग करवाई जाये, टीव्ही लगवाये व खिलौने व अन्य सामग्री उपलब्ध करवाये। आंगनवाडी के बच्चों को भी लेपटाप उपलब्ध करवायें जायेंगे। बैठक में मंत्री सखलेचा ने जल संसाधन विभाग की समीक्षा दौरान स्वीकृत जलाशयों के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाकर , उन्हें पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
उन्होने कहा कि जावद क्षेत्र में सिंचाई रकबा 2003 की तुलना में वर्तमानमें दो गुना से अधिक हो गया है। सिंचाई रकबें को बढाकर एक साल में 6 गुना करना है। बैठक में विद्युत वितरण कंपनी, पंचायत व ग्रामीण विकास, राजस्व व अन्य विभागों की योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
इस मौके पर जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, न.प.अध्यक्ष सोहनलाल माली, रूपेंद्र जैन, सचिन गोखरू, जसवंत बंजारा, अर्जुन माली, अशोक विक्रम सोनी, गोपाल धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।