नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना अंतर्गत आने वाली सिंगोली तहसील के ग्राम हाथीपुरा में शुक्रवार को प्रशासन ने तस्करों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई की। यहां तस्करों के अवैध कब्जे पर निर्माणाधीन गोदाम को बुलडोजर से धराशाही किया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हाथीपुरा में सोमवार को केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने लगभग 24 क्विंटल डोडाचूरा पकड़ा था। इस दौरान तस्करों ने सीबीएन और पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। तस्कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप में भरा करीब 24 क्विंटल डोडाचूरा व अवैध हथियार जब्त किए थे। इसके बाद आज शुक्रवार को प्रशासन पर आरोपी तस्कर सरपंच पप्पू धाकड़ सहित अन्य के अवैध ठिकानों पर कार्रवाई की। प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से अवैध तरीके से बनाए गए गोदाम और सर्वसुविधायुक्त भवन को जमींदोज किया। यह कार्रवाई जावद एसडीएम शिवानी गर्ग के नेतृत्व में की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी मौजूद थे।
3 पिकअप वाहनों से मिला था अवैध डोडाचूरा व हथियार-
सीबीएन व पुलिस ने ग्राम हाथीपुरा में नाकाबंदी कर तीन पिकअप वाहनों से करीब 24 क्विंटल डोडाूचरा व 5 देसी पिस्टल, तीन बड़ी बंदूक व जिंदा कारतूस बरामद की थी। जब्त वाहन को सेंट्रल नार्काेटिक्स सिंगोली के कार्यालय में खड़ा करवाया गया है।