भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान छह दिसम्बर को विदिशा जिले के नटेरन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगें। आयोजन को लेकर किए जाने वाले प्रबंधो का गुरूवार को भोपाल संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया एवं आईजी इरशाद वली ने संयुक्त रूप से जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आयोजन के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं से बिन्दुवार जानकारियां कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने दी।
संभागायुक्त एवं आईजी सहित अन्य अधिकारियों ने कागपुर में बनाए जाने वाले हेलीपेड स्थल, नटेरन के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में लोकार्पण शिलान्यास कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली व्यवस्था के अलावा नटेरन के अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास परिसर में डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा अनावरण हेतु आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्या-क्या व्यवस्था सुनिश्चित की जानी है के अलावा मुख्यमंत्री के उल्लेखित स्थलों तक आने-जाने के रूट का भी मुआयना किया गया है।
संभागायुक्त एवं आईजी द्वारा कार्यक्रमो के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्तिच कराने के संबंध में दिशा निर्देश दिए वही उत्कृष्ट विद्यालय से सीधे मुख्य सड़क पहुंच मार्ग तक पहुंचने के लिए रास्ते का चिन्हांकन किया गया जिसमें निजी कृषक के खेत में से रास्ता बनाने का भी जायजा लिया गया है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक डॉ मोनिका शुक्ला भी मौजूद रहें।