नीमच। आज श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विजय बाफना का पदभार ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ज्ञात रहे कि मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विजय बाफना को श्री सीताराम जाजू गर्ल्स कॉलेज के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। विजय बाफना ने कॉलेज में आयोजित गरिमामय समारोह में रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों, श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय के स्टॉफ एवं गणमान्य नागरिकों ने विजय बाफना को साफा पहनाकर, शाल ओढ़ाकर श्रीफल भेंट कर पुष्पमालाओ से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीमच के विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वाति चोपड़ा, पवन पाटीदार, किरण शर्मा, वंदना खंडेलवाल, संतोष चोपड़ा, मोहन सिंह राणावत, योगेश जैन, पीजी कॉलेज के प्राचार्य वीके जैन, शुभम अहिर एवं कॉलेज के प्राचार्य एनके डबकरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मां सरस्वती एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ स्वागत गीत गाया गया।
स्वागत भाषण में जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष विजय बाफना को बधाई देते हुए प्राचार्य एन के डबकरा ने कहा कि कॉलेज में खेल मैदान की कमी है और स्टाफ भी पर्याप्त संख्या में नहीं है। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि अध्यक्ष पद पर सुयोग्य व्यक्ति की नियुक्ति हुई है। जिससे कॉलेज शिक्षा जगत में नए आयाम स्थापित करेगा। वहीं विजय बाफना ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कॉलेज के विकास हेतु जन सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट स्थान पाने वाली छात्राओं का सम्मान अतिथिगण के कर कमलों से किया गया।