नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना अंतर्गत आने वाली सिंगोली तहसील के ग्राम हाथीपुरा में शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जावद एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने भाजपा से जुड़े फरार तस्कर पप्पू धाकड़ के अवैध ठिकानों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान जब प्रशासनिक अधिकारियों ने भाजपा से जुड़े नेता पप्पू धाकड़ के घर में प्रवेश किया और तलाशी ली तो खुफिया कमरा देख सभी के होश उड़ गए।
आपकों बता दें कि ग्राम हाथीपुरा में भाजपा नेता व सरपंच पप्पू धाकड़ ने लग्जरी घर बनवाया था। यहां एशो-आराम की सभी सुविधा की गई थी। इसके अलावा तस्कर पप्पू ने घर में खुफिया रूम भी बनवाए थे। इन खुफिया कमरों से ही नारकोटिक्स ब्यूरों कोटा ने भारी मात्रा में बारूद व हथियार बरामद किए थे। पुलिस अधिकारियों ने तलाशी के दौरान जब अलमारी का दरवाजा खोला तो ये खुफिया कमरा दिखाई दिया। इसके अलावा भी भाजपा नेता के इस घर में कई चौंकाने वाली सुविधाएं नजर आई जो एक बड़े बिजनेसमैन के घर में होती है। भाजपा से जुड़े होने व नेतागिरी की आड़ में तस्कर ने छोटे से गांव में अपना एक बड़ा साम्राज्य बना रखा था।
3 पिकअप वाहनों से मिला था अवैध डोडाचूरा व हथियार-
सीबीएन व पुलिस ने ग्राम हाथीपुरा में नाकाबंदी कर तीन पिकअप वाहनों से करीब 24 क्विंटल डोडाूचरा व 5 देसी पिस्टल, तीन बड़ी बंदूक व जिंदा कारतूस बरामद की थी। जब्त वाहन को सेंट्रल नार्काेटिक्स सिंगोली के कार्यालय में खड़ा करवाया गया है।