सरवानिया महाराज । मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग एवं आंचलिक विज्ञान केंद्र भोपाल द्वारा संचालित चलित विज्ञान प्रदर्शनी आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर में पहुंची। जहां पर छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने एवं विज्ञान के सिद्धांतों की बारीकियों को समझाने हेतु छोटे-छोटे वर्किंग मॉडल के माध्यम से विज्ञान के कांसेप्ट क्लियर करने हेतु चलित विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत ऐसे वर्किंग मॉडल लगाए गए हैं जिनके माध्यम से विद्यार्थियों के अंदर विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में इस प्रकार के मॉडल बहुत ही उपयोगी सिद्ध होते हैं।
आज दिनांक 5 दिसंबर सोमवार को आंचलिक विज्ञान केंद्र भोपाल से यह चलित विज्ञान प्रदर्शनी जनकपुर विद्यालय पहुंची। चलित प्रदर्शनी के प्रभारी मोहन मगरदे ने बताया कि हम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज जनकपुर विद्यालय पहुंचे। यहां के छात्र-छात्राओं में विज्ञान के सिद्धांतों को जानने के लिए काफी उत्साह देखा गया, सभी छात्र-छात्राओं ने बड़े अनुशासन के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
संस्था के प्राचार्य एम एल वर्मा ने बताया कि इस प्रकार के क्रियाशील मॉडल के माध्यम से यदि विज्ञान के सिद्धांतों को समझाया जाए तो छात्रों के अंदर जो जिज्ञासा होती है वह शांत हो जाती है तथा उनका विज्ञान के प्रति रुझान बढ़ता है।
विज्ञान शिक्षक जीएल धनगर ने बताया कि विज्ञान इस चलित विज्ञान प्रदर्शनी में विज्ञान के सिद्धांतों को सिद्ध करने वाले अनेक कार्यशील मॉडल हैं जिनके माध्यम से हम बहुत सारे वैज्ञानिक सिद्धांतों को आसानी से समझ सकते हैं इसके अंदर हमारे दैनिक जीवन में आने वाले बहुत से उपकरण हैं जिनमें कौन से वैज्ञानिक सिद्धांत का उपयोग किया गया है उसको हम आसानी से समझ सकते हैं।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अनेक दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुओं के क्रियाशील मॉडल देख कर के प्रदर्शनी का लाभ उठाया। इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों के अंदर वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने में बहुत ही उपयोगी सिद्ध होती है।