शाजापुर। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय उज्जैन द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांती इस वर्ष भी 07 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जायेगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी भूतपूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं एवं आश्रितों से आग्रह किया है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, उज्जैन कमाण्डर (से.नि.) नगेश चन्द्र मालवीय ने बताया कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस हर वर्ष 7 दिसम्बर को मनाया जाता है। इस दौरान शहीद सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों को आर्थिक सहायता तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिये सहायता राशि स्वीकार की जाती है। उन्होंने सभी सरकारी विभागों, कॉलेजों, स्कूलों तथा सभी जनमानस से भी अपील की है कि वे व्यक्तिगत रूप से भी झण्डा निधि में दान राशि देकर सैनिकों एवं उनके परिवार के सहयोग में महति भूमिका अदा कर सकते हैं। यह दान राशि आयकर में छूट भी प्रदान करती है। इस राशि का उपयोग भूतपूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं, वीरांगनाओं एवं उनके आश्रितों के कल्याण में किया जाता है।