नीमच। जिले के महू-नसीराबाद रोड पर स्थित नयागांव परिवहन चेक पोस्ट पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध परिवहन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने ये कार्रवाई अपेक्षित राजस्व की वसूली के लिए शुरू की है।
नयागांव चैक पोस्ट अधिकारी खान ने बताया कि परिवहन चैक पोस्ट पर ओवरलोड, बिना परमिट, अन्य राज्यों के वाहनों से बिना एमपी टैक्स, बिना वैध रिकॉर्ड वाहनों के संचालन आदि के विरूद्ध निरंतर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। चालू वित्तीय वर्ष में करीब 3 करोड़ रूपये से अधिक के राजस्व की वसूली की गई है। जिसमें 403 बिना परमिट वाहनों पर कार्रवाई कर करीब 28 लाख 73 हजार 460 रूपये और 610 ओवरलोड वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई कर करीब 10 लाख 65 हजार रूपये की वसूली की गई है।
वहीं यात्री बसों में ओवरलोड मिलने पर कार्रवाई से एवं अन्य धाराओं में करीब 4172 वाहनों पर कार्रवाई कर 2 करोड़ 77 लाख 46 हजार 170 रूपये की वसूली की गई। इस कार्रवाई से अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।