वातावरण में नमी के कारण मध्यप्रदेश में अब कोहरे की एंट्री होने जा रही है। अगले 48 घंटे में मौसम बदल सकता है। सबसे पहले ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड के इलाकों में कोहरे की चादर छाने छाने लगेगी। इससे दिन में सूरज की रोशनी कम होने से कहीं-कहीं दिन में भी शाम जैसा होने लगेगा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अगले एक-दो दिन में प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा छाने लगेगा। अभी दिन-रात के तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। 15 दिसंबर तक ज्यादा ठंड के आसार नहीं हैं। इस बार दिसंबर में बारिश की भी ज्यादा संभावना नहीं है।
बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। इससे मध्यप्रदेश में नमी आ रही है। इसी कारण ऊंचाई पर बादल बन रहे हैं। दिन में गर्मी तो ज्यादा नहीं बढ़ रही, लेकिन रात के तापमान काफी चढ़ा हुआ है। अगले एक सप्ताह तक इसका असर मध्यप्रदेश पर रहेगा। इससे बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की फिलहाल संभावना नहीं है। 15 दिसंबर से ठंड का जोर शुरू हो सकता है।