सिंगोली। तहसील सहित प्रदेश भर के सरपंचों को पंचायतीराज व्यवस्था का पहाड़ा सिखाने के लिए भोपाल में पाठशाला का आयोजन किया गया है। इस हेतु क्षैत्र के सरपंच, उपसरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य मंगलवार दोपहर बाद भोपाल के लिए रवाना हुए जो भोपाल पहुंच गए है। पंचायती राज व्यवस्था से संबंधित प्रशिक्षण को लेकर आज 7 दिसंबर बुधवार को भोपाल स्थित जम्बूरी मैदान में पाठशाला लगेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस एक दिवसीय आयोजन को उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सह-सम्मेलन का नाम दिया गया है। पाठशाला को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी संबोधित करेंगे। इस दौरान गांवों के विकास का पहाड़ा पढ़ाया जायेगा। इस मौके पर विभागीय अधिकारी उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था की जानकारी देंगे।
बताया जाता है कि इस आयोजन की तैयारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और अजा-अजजा कल्याण विभाग द्वारा की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान खान-पान की व्यवस्थाएं भी सरकार की ओर से की गई है। प्रशिक्षण में सरपंचों के साथ उपसरपंच, जनपद एवं जिला पंचायतों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।