आगर मालवा। सांसद रोडमल नागर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, कलेक्टर कैलाश वानखेड़े, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार, जिला पंचायत सीईओ डीएस रणदा, जिला परिवहन अधिकारी शैलेन्द्र निगम, यातायात थाना प्रभारी जगदीश यादव सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सांसद नागर ने यातायात, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत दो पहिया वाहन चालक को हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चालक एवं सफर करने वाले यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक करें। हेलमेट, सीटबेल्ट के प्रति जागरूकता लाने हेतु निरन्तर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क के किनारे के स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए रंबल स्ट्रीट एवं स्पीड ब्रेकर बनाए जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले व्यक्तियों को 15 अगस्त एवं 26 जनवरी को जिला स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित करवाएं। जिले में प्रशासन के सुचारु संचालन के लिए सभी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ कार्य करें। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु अधिकारी परिणामोंन्मुखी कार्य करें। बैठक के अन्त में सांसद नागर ने सड़क दुर्घटना कम करने हेतु जिले में अच्छा कार्य होने पर पूरी प्रशासनिक टीम की सराहना भी की।