चित्तौड़गढ़। राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेन्द्र नारायण जोशी द्वारा सामूहिक अवकाश के आह्वान पर न्यायिक कर्मचारी संघ चित्तौड़गढ़ द्वारा जिला न्यायिक कर्मचारी संघ, मोटर दुर्घटना एवं दावा अधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्थाई लोक अदालत एवं ताल्लुका मुख्यालयों के कर्मचारीगण द्वारा अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश आज भी जारी रहा। समस्त न्यायालयों में कार्य ठप रहा। न्यायिक कर्मचारी संघ की जिला शाखा-चित्तौड़गढ़ द्वारा बुधवार सुबह जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर के बाहर मुख्य द्वार के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया।
जिसमें अध्यक्ष राजेश व्यास ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुये न्यायिक कर्मचारियों की ओर से जिला एवं सेशन न्यायालय के मुख्य द्वार के बाहर धरना स्थल से सम्पूर्ण न्यायालय परिसर में मौन जुलूस निकाला गया। साथ ही बताया कि न्यायिक सहायक कर्मचारी सुभाष मेहरा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जाँच के संबंध में संघ द्वारा जो माँगें रखीं गई हैं वे जब तक पूरी नहीं होती हैं तब तक अनिश्चितकालीन अवकाश के माध्यम से आन्दोलन जारी रखा जाकर प्रतिदिन विभिन्न तरीकों से प्रदर्शन किया जायेगा।