मंदसौर। शहर में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवना नदी में उतरकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता शिवना की शुद्धि के लिए करीब 1 घंटे तक पानी में खड़े रहे। उन्होंने प्रदर्शन कर शिवना नदी की दुर्दशा की ओर सीएम शिवराज सिंह चौहान का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
इस दौरान कांग्रेसियों ने बताया कि करोड़ों रुपए शिवना शुद्धिकरण के नाम पर आए हैं और नाम मात्र की सफाई करके लीपापोती की जा रही है। शिवना में गंदगी फैली हुई है, जिससे उठती दुर्गंध के कारण यहां से गुजरना भी मुश्किल होता है। नागरिक मुंह को कपड़े से ढंककर निकलते हैं। यहां आने वाले भक्त शिवना मैया की पूजा करते हैं, इस जल को पवित्र मानते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि कल गौरव दिवस मनाया जा रहा है और मंदसौर की शिवना नदी के दुर्दशा देख मन बहुत दुखी होता है। यह गौरव दिवस कोई काम का नहीं है क्योंकि मंदसौर की धरोहर भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के किनारे शिवना की दुर्दशा देख यह गौरव दिवस मनाने का कोई ओचित्य नहीं है।