खरगोन। 76 वां होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस गत दिवस मंगलवार को होमगार्ड लाईन बिस्टान रोड खरगोन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर जेएस बघेल एवं एसडीएम खरगोन के आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट होमगार्ड एमके लश्करी द्वारा की गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के आगमन पर परेड कमाण्डर बीना जमरा प्लाटून कमाण्डर द्वारा सलामी दी गई। कार्यक्रम में लश्करी ने होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री एवं केन्द्रीय गृह मंत्री भारत शासन तथा महानिर्देशक आपदा प्रबंधन भोपाल के द्वारा भेजे गये संदेशों का वाचन किया।
मुख्य अतिथि द्वारा दिए गए उद्बोधन में होमगार्ड द्वारा पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कानून व्यवस्था बनाने, किसी भी प्रकार की आपदा एवं आंतरिक सुरक्षा में कठिन परिस्थितियों में पूर्ण सक्षमता से कर्तव्यों को पूरा करने के लिए शुभकामनाएँ दी। उन्होंने होमगार्ड विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वंयसेवियों को 76 वॉ स्थापना दिवस के अवसर पर बधाईयां दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा वृक्षारोपण एवं आपदा प्रबंधन उपकरणों की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया जिसे सभी के द्वारा सराहा गया।