खरगोन। शहर के कसरावद रोड पर गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में उस वक्त हंगामें की स्थिति निर्मित हुई जब नगर पालिका का अमला यहां स्थल परिवर्तन के लिये पहुंचा था। दरअसल यहां 14 दिसम्बर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा प्रस्तावित है। नगर पालिका अमला उसी की तैयारी के लिये पहुंचा था। दुकाने अन्यत्र लगाने के एनाउंसमेंट पर दुकानदारों ने आपत्ति दर्ज कराते हुये नियत स्थान पर ही दुकानें लगाने की जिद की। हंगामा बढ़ने पर अमला बेरंग लौट आया।
सब्जी विक्रेता महिला ने बताया पहले कोई सूचना नहीं थी। अब फल सब्जी खरीद लाये। नही बेचेंगे तो खराब हो जाएगी। वहीं अन्य दुकानदारों ने कहा सीएम 14 को आ रहे हैं, एक दिन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अमला गुरुवार से भी तैयारी कर सकता है। नगरपालिका प्रभारी राजस्व अधिकारी महेश वर्मा ने बताया कि सभा की तैयारियों के लिये साफ-सफाई करने अमला पहुंचा था। दुकानदारों को थोड़ी दूर अन्यंत्र जगह पर दुकानें लगाने की समझाइश दी। नहीं मानने पर नियत जगह पर ही बाजार लगा।