देवास। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने गत दिवस देवास जिले का दौरा किया। उन्होंने सोनकच्छ के घटियामाना और फावड़ा क्षेत्र पहुंचकर ट्रांसफार्मर, बिजली वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया व सुधार के निर्देश दिए। कृषि पंपों के जीआईएस सर्वे का भी निरीक्षण किया।
तोमर ने औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी तत्काल सेवा के लिए तैयार रहने को कहा। बिजली अधिकारियों ने तोमर को देवास जिले की बिजली व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान तोमर ने उपभोक्ताओं से भी बिजली वितरण के संबंध में सीधे जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि, गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति, समय पर राजस्व संग्रहण बिजली कंपनी की प्राथमिकता है, इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी, अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। जिन स्थानों के ट्रांसफार्मर ज्यादा फेल होते हैं, समय पर वहां कारण पता करें और तत्काल संज्ञान लेकर सुधार कार्य कराया जाए। निरीक्षण के दौरान देवास के अधीक्षण यंत्री राजेश जैन, सोनकच्छ कार्यपालन यंत्री आनंद अहिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।