बंगाल में एक्टिव साइक्लोन मैंडूस तमिलनाडु में तबाही मचाने के बाद दक्षिण आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार देर रात साइक्लोन मामल्लपुरम तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। मैंडूस अगर दिशा बदलकर विशाखापट्टनम तट से टकराता है तो इसका सीधा असर मध्यप्रदेश में भी पड़ेगा। यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। दिन का पारा 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला जाएगा। पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ जाएगा।
चक्रवात के कारण मध्यप्रदेश में अगला एक सप्ताह मौसम के लिहाज से उथल-पुथल भरा रहेगा। पहले तो तापमान में बढ़त होगी, लेकिन फिर बादल, बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
प्रदेश में 12 दिसंबर से हल्की बारिश हो सकती है। तीन दिन तक मैंडूस का सबसे ज्यादा असर इंदौर, खंडवा, इटारसी, बड़वानी, भोपाल, आगर-मालवा, सागर, रीवा, छतरपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, जबलपुर और शहडोल में रहेगा। हालांकि, इससे सबसे ज्यादा महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में प्रभाव रहेगा।