नई दिल्ली। अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव आईआईएसएफ-2022 का 8 वां संस्करण 21 से 24 जनवरी 2023 तक हमारे झीलों के शहर-भोपाल में आयोजित होने जा रहा है यह बात यह बात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने सोमवार को नेशनल मीडिया सेंटर, नई दिल्ली में संपन्न हुए इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल-2022 के कर्टेन रेजर प्रोग्राम में कही।
मंत्री सखलेचा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वास्तव के यह बहुत ही खुशी की बात है कि आगामी समय में इन्वेस्टर्स समिट, आईआईएसएफ और जी-20 जैसे बड़े आयोजन मध्य प्रदेश में होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय विज्ञान के गौरवशाली, उपलब्धिपूर्ण और प्रेरणादायी इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने की जरूरत है। विज्ञान महोत्सव इसका माध्यम बनेगा, ऐसा मेरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि आईआईएसएफ एक महोत्सव है, विज्ञान सम्मेलन या संगोष्ठी नहीं है। मंत्री सखलेचा ने सभी से इस महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए आग्रह करते हुए कहा कि भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के इस कार्यक्रम में आप सभी जरूर शामिल हों।
कर्टन रेजर प्रोग्राम में आईआईएसएफ-2022 के ब्रोशर का विमोचन भी किया गया। इस दौरान विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय महासचिव सुधीर भदोरिया, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण रामदास, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय के सूद, जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रख्यात वैज्ञानिक डॉक्टर राजेश एस गोखले समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव आईआईएसएफ-2022 विज्ञान भारती के सहयोग से विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक तरह का अंतर्राष्ट्रीय स्तर का विज्ञान उत्सव है।