नीमच। संत रविदास म.प्र.हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम का प्रयास सदैव सराहनीय रहा है। सरकार ने भी इस दिशा में खूब काम किया है। नीमच के कला पारखियों का कला के प्रति रूझान प्रेरणादायक है। यह बात हस्तशिल्प मेले में देखने को मिल रही है। यह बात अपर कलेक्टर नेहा मीना ने टाउनहाल नीमच में हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि विभिन्न कला में पारंगत इन कलाकारोंको मंच प्रदान करने से बाजार मिलता ही है साथ ही कला के प्रति अपनी रूचि रखने वाले विभिन्न परिवारों को कलात्मक सामग्री एक ही स्थान पर मिल जाती है। एडीएम ने कहा कि हाथ से किए जाने वाला कार्य काफी परिश्रम वाला होता है और इसकी परख करने वाले कीमत से कोई समझौता नहीं करते हैं। इस प्रकार की सामग्री बनाने में कलाकार की भावना ठीक वैसे ही जुड जाती है, जिस प्रकार से घर में भोजन तैयार करने वाली ग्रहणी की जुडी होती है। हर शरीर को स्वास्थ्य, हर घर को समृद्धि और हर हाथ को काम देने की भावना शिल्पी में उच्च कोटी की होती है।
मेला प्रभारी दिलीप सोनी ने बताया, कि मेले में प्रदेश के कई शिल्पियों के बहुत अच्छे उत्पाद है। जिनमें सुंदर कारीगरी की गई है। कला प्रेमियों के लिए यह मेला 21 दिसंबर तक सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक निःशुल्क खुला है।