नीमच। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा लाडली लक्ष्मी योजना के तहत शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति जनवरी माह के अंत तक सुनिश्चित करें। सेक्टर सुपरवाईजर अपने क्षेत्र की सभी आंगनवाडी केंद्रों का एक सप्ताह में निरीक्षण कर, टेकहोम राशन वितरण की पंजी का सुव्यवस्थित संधारण करवाना सुनिश्चित कर ले। आंगनवाडियों में रिकार्ड अद्यतन रूप से संधारित हो, निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारी निरीक्षण पंजी में निरीक्षण की टीप भी अवश्य दर्ज कर, अपने हस्ताक्षर करें। यह निर्देश कलेक्टर मंयक अग्रवाल ने बुधवार को जनपद सभाकक्ष मनासा में स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक में इन विभागों व्दारा संचालित योजनाओं की प्रगति की सेक्टरवार समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने सेक्टरवार सेम एवं मेम श्रेणी के बच्चों की संख्या की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन श्रेणियों के सभी बच्चों को पोषण पुर्नवास केंद्र में अनिवार्य रूप से भर्ती करवाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, सहायक कलेक्टर सृजन वर्मा, एसडीएम पवन बारिया, जनपद सीईओ डी.एस.मशराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय भारव्दाज, बीएमओ डॉ.बी.एल.भायल, परियोजना अधिकारी बाल विकास तथा सभी सेक्टर सुपरवाईजर उपस्थित थे।