नीमच। जिले की जनपद पंचायत मनासा की ग्राम पंचायत पडदा के गांव भेरपुरा में म.न.रे.गा.के तहत 7.56 लाख की लागत से भेरपुरा पुलिया के पास ईडर नदी पर स्टापडेम निर्माण कार्य पूर्ण होने से लगभग 250 किसानों की 550 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई हो रही है। भेरपुरा के किसानों का कहना है,कि स्टापडेम निर्माण से पहले उनके खेतों में निर्मित कूप अप्रेल माह के पहले ही सूख जाते थे। अब स्टापडेम निर्माण के कारण उनके खेतों में स्थित कुंओं में अप्रेल,मई माह तक पानी भरा रहता है। स्टापडेम निर्माण से कुआं के जलस्तर में काफी वृद्धि हुई है। साथ ही किसान मई,जून माह में भी पॉच हार्सपॉवर के विद्युत पम्प से सिचांई भी कर पाते है। खेती में सिंचाई के साथ मवेशियों के लिए गर्मी में भी पीने का पानी उपलब्ध रहने लगा है।
म.न.रे.गा. के तहत भेरपुरा पडदा में स्टापडेम निर्माण के जॉबकार्डधारी परिवारों को रोजगार के साथ सिंचाई के लिए पानी व कुंओं में जलस्तर भी बढा है। इससे वे अब खरीफ के साथ ही,रबी फसलों का उत्पादन भी करने लगे है। सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने से किसानों को अतिरिक्त आमदनी भी हो रही है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है।