इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रवासी भारतीय आयोजन में इंदौर पधारे विभिन्न देशों के प्रवासी भारतीयों के साथ नमो ग्लोबल गार्डन इंदौर में पौधारोपण किया और रुद्राक्ष का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री चौहान ने ग्लोबल गार्डन में उपस्थित प्रवासी भारतीयों से चर्चा भी की।
ग्लोबल गार्डन में पौधारोपण करने वाले सभी प्रवासी भारतीयों को उनके द्वारा रोपे गए पौधे की जियो टैगिंग कर उन्हें बारकोड भी प्रदान किए गए। इस बारकोड के माध्यम से प्रवासी भारतीय रोपे गए पौधों की समुचित देखभाल और देखरेख की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका निगम इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के चेयरमैन, संभागायुक्त पवन कुमार शर्मा, आईजी इंदौर एवं कलेक्टर इंदौर, नगर निगम आयुक्त, अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं कुवैत, न्यूजीलैंड, यूएई, यूएसए, श्रीलंका, मलेशिया, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों से पधारे प्रवासी भारतीय उपस्थित थे।
ग्लोबल गार्डन इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन की स्मृति में पौधारोपण कर सभी प्रवासी भारती बेहद प्रसन्न नजर आ रहे थे उन्होंने इंदौर शहर की स्वच्छता की काफी सराहना की।