नीमच। आयुष्यमान कार्ड के पंजीकरण हेतु प्रति रविवार शिक्षकों को प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक हितग्राहियों को पंचायत मुख्यालय तक ले जाने के आदेश से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। इस कार्य को विद्यालयीन समय में पूर्ण कराने या इसके एवज में अर्जित अवकाश प्रदान करने की मांग की गई है।
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश टांकवाल ने बताया की सिर्फ़ नीमच जिले में विगत माह से ही प्रति रविवार शिक्षकों को आयुष्यमान योजना अंतर्गत हितग्राहियों को गांव से पंचायत मुख्यालय तक ले जाने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त गैर शैक्षणिक कार्य से शिक्षकों के कई कार्य जो रविवार के दिन संपादित किए जा सकते हैं वे प्रभावित हो रहे हैं।
उल्लेख अनिवार्य है कि प्रदेश के कार्यालयों में पांच कार्य दिवसों का सप्ताह लागू है जबकि शिक्षकों के एकमात्र अवकाश के दिन एवं कड़कड़ाती ठंड में प्रातः 8 से रात्रि 8 तक फील्ड में ड्यूटी देने से असंतोष व्याप्त है। संगठन ने पत्र के माध्यम से प्रशासन से उक्त कार्य दिवसों के बदले अर्जित अवकाश की मांग की है।