छिन्दवाड़ा। जबलपुर संभाग के कमिश्नर अभय कुमार वर्मा आज छिंदवाड़ा पहुंचे और सिम्स मेडिकल कॉलेज छिन्दवाड़ा का निरीक्षण किया। साथ ही कलेक्टर शीतला पटले सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों, मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन डॉ.महेंद्र गोंड और एचओडी चिकित्सकों के साथ बैठक की एवं कॉलेज संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की । उन्होंने मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी और स्टाफ के रिक्त पदों को भरने की कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए। विभाग प्रमुख चिकित्सकों की समस्याएं सुनीं और उनके यथासंभव निराकरण के लिए आश्वस्त किया। मेडिकल कॉलेज के कंस्ट्रक्शन वर्क का भी निरीक्षण किया और गति व गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम ओ.पी.सनोडिया, एसडीएम अतुल सिंह, नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त राहुल सिंह भी उपस्थित थे।
बैठक में कमिश्नर वर्मा ने एमबीबीएस कक्षाओं के संचालन, क्लास रूम की उपलब्धता, लैब संचालन, फैकल्टी, विद्यार्थियों व उनकी रूरल ट्रेनिंग आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के कैंपस, लोकेशन और सौंदर्यीकरण की सराहना करने हुए उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुये और बेहतर करने का प्रयास करें। विद्यार्थी बहुत आशान्वित होकर एमबीबीएस की पढ़ाई करने आते हैं, उन्हें उत्कृष्ट गाइडेंस प्रदान करें जिससे वे बेहतर डॉक्टर बनें और मानव सेवा के भाव से कार्य करें। मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस कक्षाओं के साथ ही अब सिम्स पीजी के लिए भी एलिजिबल हो गया है। कॉलेज के बेहतर संचालन के लिए उन्होंने फैकल्टी और स्टाफ के रिक्त पदों को नियमानुसार शीघ्र भरने के निर्देश दिए। नगरपालिक निगम आयुक्त और पीआईयू विभाग को मेडिकल कॉलेज कैंपस की पेयजल समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए निर्देशित किया। कॉलेज के डॉ.एच.के.टी.रजा ऑडिटोरियम, विभिन्न संकायों, रिसर्च लैब, सेंट्रल लाइब्रेरी आदि का भी निरीक्षण किया। रिसर्च लैब में उपयोग की जा रही नवीन तकनीकों की सराहना की। लाइब्रेरी में किताबों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की और सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए लाइब्रेरी को नियमित रूप से साफ व स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।