नीमच। सनातन परंपरा में अत्यंत पुण्यदायी मानी जाने वाली परम एकादशी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु एवं श्याम प्रभु के व्रत, पूजन और दर्शन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
परम एकादशी के पावन अवसर पर शहर के प्राचीन श्री श्याम मंदिर में विराजित नीमच नरेश के दरबार में विविध धार्मिक आयोजनों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपालकृष्ण ने बताया कि एकादशी पर्व पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। प्रातःकालीन आरती के साथ विशेष पूजन-अर्चन संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि शाम 7 बजे भव्य महाआरती, ताली कीर्तन एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उत्सव का प्रमुख आकर्षण बाबा श्याम का दिल्ली एवं कोलकाता से मंगाए गए विशेष पुष्पों से शाही श्रृंगार तथा 56 भोग रहेगा। वहीं श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी के रूप में दो क्विंटल श्रीखंड का वितरण भी किया जाएगा।
एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्याम मंदिर दिनभर दर्शनार्थ खुला रहेगा। हालांकि विशेष श्रृंगार सेवा के कारण दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे।
परम एकादशी पर्व को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं फूलों से विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।