मंदसौर। जिले में 1000 कैदियों की क्षमता वाली अत्याधुनिक जिला जेल के निर्माण को अंतिम स्वीकृति मिल गई है। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के विशेष प्रयासों और सतत अनुश्रवण के बाद मुख्य सचिव स्तर की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई। नवीन जेल का निर्माण लगभग 132.67 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
नई जिला जेल ग्राम भूकी में 15.85 हेक्टेयर भूमि पर बनाई जाएगी, जो वर्तमान उपजेल से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित है। आधुनिक सुरक्षा मानकों से युक्त इस जेल में कैदियों के लिए विशाल बैरकें, प्रशासनिक भवन, अस्पताल, प्रशिक्षण केंद्र, वर्कशॉप, ऑडिटोरियम, महिला झूलाघर, गार्ड रूम, खुली जेल, वॉच टावर, भंडार गृह तथा आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना के तहत बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। नवीन जेल के निर्माण से जिले की कारागार व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा कैदियों के पुनर्वास, सुरक्षा और प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं में गुणात्मक सुधार आएगा।
कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य की आगामी प्रक्रियाएं शीघ्र प्रारंभ की जाएंगी। यह परियोजना जिले के आधारभूत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।