चित्तौड़गढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता स्वर्गीय राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
जिला कांग्रेस के महामंत्री अहसान पठान ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजेश पायलट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राजेश पायलट को देश में किसान नेता के रूप में विशेष पहचान प्राप्त थी। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा के लिए अनेक आंदोलन किए तथा संसद में किसानों और मजदूरों की आवाज को मजबूती से उठाया। किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कानूनों एवं नीतियों के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वक्ताओं ने कहा कि राजेश पायलट का मानना था कि जब तक गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के बच्चे शिक्षित होकर नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदारी नहीं करेंगे, तब तक देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उनके विचार आज भी समाज और राजनीति को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में पीसीसी सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण सिंह सांखला, दिनेश चास्ता, महेंद्र सिंह मेड़तिया, दिनेश गुर्जर, धर्मेंद्र मूंदड़ा, मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, विनोद लड़ा, इम्तियाज हुसैन, लक्ष्मण सिंह, अनिल सेठी, निर्मल जैन, राजकुमार वैष्णव, किशन दशोरा, वी.डी. दशोरा, गजानंद गुर्जर, सना खान, मधु गोस्वामी, चक्षु शर्मा, गोटू अली, संजय सेन, महेंद्र छापरवाल, आशीष त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।