मंदसौर। कृषि उपज मंडी स्थित किसान विश्रामगृह में आयोजित ग्रीष्मकालीन योग प्रशिक्षण शिविर के 31वें दिन बुधवार को दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ योगाभ्यास किया तथा उन्हें साइबर सुरक्षा और जीवन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। यह शिविर मंदसौर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा वेद योगा सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी डांगी ने बच्चों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता का विकास होता है। उन्होंने बच्चों से शिविर समाप्त होने के बाद भी नियमित रूप से योगाभ्यास जारी रखने का आह्वान किया।
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए थाना प्रभारी ने बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ऑनलाइन ठगी से बचने तथा साइबर अपराधों की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी।
इस अवसर पर उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से बच्चों को सफलता के सूत्र बताते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। योग प्रशिक्षण सत्र के बाद थाना प्रभारी ने सभी बच्चों को गन्ने का जूस भी वितरित किया।
मंदसौर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं मुख्य योग प्रशिक्षक महेश कुमावत ने अतिथि का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा जीवन प्रबंधन से जुड़े सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना।