चित्तौड़गढ़। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बुधवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा भामाशाह द्वारका प्रसाद काबरा राजकीय पुरुषार्थी उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर परीक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों, स्ट्रांग रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान अतिरिक्त ज़िला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।