नीमच। जिले के चीताखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भीमपुरा में बुधवार को एक 25 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गेंदमल मीणा (25) पुत्र हेमराज मीणा निवासी भीमपुरा के रूप में हुई है। उसका शव गांधीपुरा के समीप स्थित जंगल में एक महुआ के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला।
बताया जा रहा है कि जंगल में महुआ के फल एकत्रित करने गए कुछ बच्चों ने पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। घबराए बच्चों ने तत्काल गांव पहुंचकर इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा पुलिस डायल-100 को मामले से अवगत कराया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को नीचे उतरवाया और मौके का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार गेंदमल मीणा अहमदाबाद में मजदूरी का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में अहमदाबाद से गांव लौटा था। इसके बाद वह जंगल की ओर गया, जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
गुरुवार को जिला चिकित्सालय नीमच में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। युवक की असामयिक मृत्यु से परिजनों सहित पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।