खनियांधाना। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म निरस्त किए जाने के विरोध में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खनियांधाना और बामौरकलां के तत्वावधान में खनियांधाना तहसील प्रांगण में एक दिवसीय उपवास और धरना प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ताओं ने बाबासाहेब अमर रहें, संविधान जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और भाजपा तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, नहीं चलेगी के गगनभेदी नारे लगाते हुए तहसील परिसर को गुंजा दिया।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। दिनभर चले उपवास के बाद कांग्रेसियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की और चेतावनी दी कि यह तानाशाही रवैया नहीं रुका, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान दोनों ब्लॉक के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।