शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएपी खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में 376 कट्टे डीएपी खाद लोड थी। मौके पर खाद परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोलारस क्षेत्र के मानीपुरा पेट्रोल पंप के पीछे डीएपी खाद से भरा एक ट्रक खड़ा होने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना मिलते ही कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव, तहसीलदार प्रदीप भार्गव, कृषि विभाग एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों को देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जांच के दौरान ट्रक में लदी खाद के परिवहन एवं स्वामित्व से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद प्रशासन ने ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया।
अधिकारियों के अनुसार खाद की वैधता, परिवहन और गंतव्य से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही फरार चालक और खाद के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खाद परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।